
रायपुर- भिलाई की रहने वाली एक विवाहिता ने अपने पति पर समलैंगिक होने का आरोप लगाया है। अपने समलैंगिक होने की जानकारी छिपाकर शादी करने वाले एक व्यक्ति व उसके परिवार के खिलाफ विवाहिता ने महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को जानकारी दी कि शादी के बाद जब वो अपने पति के कार्यस्थल गई तब उसे इसके बारे में पता चला। उसने अपनी सास व ननंद पर भी दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद दोनों पक्षों के बीच काउंसलिंग कराई गई, लेकिन समझौता न होने पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने बताया कि 23 जनवरी 2020 से अपने मायके मरोदा सेक्टर में रह रही महिला ने पद्मनाभपुर निवासी अपने पति आशीष सिंह गौर, सास शैल गौर और ननंद सानू गौर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता के हवाले से पुलिस ने बताया कि सात जुलाई 2019 को उसकी आरोपित से सामाजिक रीति रिवाज से शादी हुई थी।
शादी के समय उसके पिता ने सोने-चांदी के जेवर, घरेलू सामान, नकद और एक कार दी थी। इसके बाद भी आरोपित सास और ननंद ने दहेज में घटिया सामान मिलने की बात कहकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। वहीं, आरोपित पति ने भी उसे अपने साथ रखने से मना करते हुए शादी के छह दिन बाद ही उसके मायके में छोड़ दिया।
शिकायतकर्ता के परिवार वालों के कहने पर करीब डेढ़ महीने बाद आरोपित उसे अपने घर ले गए। ससुराल जाते ही आरोपित पति अपने कार्यस्थल पर रायगढ़ चला गया। लगातार कहने के बाद 22 दिसंबर 2019 को आरोपित पति, शिकायतकर्ता को अपने साथ रायगढ़ लेकर गया।
वहां जाने पर उसे जानकारी हुई कि उसका पति समलैंगिक है और उसके जाने के पहले एक लड़का उसके साथ रहता था। शिकायतकर्ता ने अपने पति को वीडियो काल पर एक लड़के से आपत्तिजनक बातें करते देखा। इसके बाद उसने अपने पति से इन बातों को लेकर आपत्ति की तो आरोपित पति ने उससे गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दिया।
आरोपित ने उसे धमकी दी कि यदि वो उसे किसी भी तरह से रोकेगी तो वो आत्महत्या कर लेगा। इसके बाद 23 जनवरी 2020 को शिकायतकर्ता अपने माता-पिता के साथ अपने मायके लौट आई। यहां आने के बाद उसने महिला थाना में शिकायत की। जहां दोनों पक्षों के बीच काउंसलिंग कराई गई, लेकिन समझौता न होने पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।